सितंबर, 2022
आज हम सबके पास जो चीज़ सबसे कम है, वह है समय। इतने सारे काम 24 घंटे में ही करने हैं, तो अपने लिए समय कैसे निकालें—यह एक बड़ी समसामयिक समस्या है। लेकिन धन-दौलत, रिश्ते-नाते और यहाँ तक कि मुश्किल से मिले फुर्सत के पलों का भी हम तभी आनंद ले पाते हैं, जब हम स्वस्थ होते हैं। इसलिए 24 घंटे में कम से कम 30 मिनट अपने लिए अवश्य निकालिए—एक ऐसा 30 मिनट, जिसमें आप केवल अपने साथ हों। जहाँ तक संभव हो, कोशिश करें कि यह 30 मिनट का समय आप अकेले में बिताएँ। यदि भौतिक रूप से ऐसा संभव न हो, तो कम से कम वैचारिक रूप से ऐसा अवश्य करें। अपने सर्वांगीण स्वास्थ्य के लिए इसे अनिवार्य मानकर अभ्यास शुरू करें। विश्वास कीजिए, आपके लिए आपसे बढ़कर कोई शिक्षक, कोई गुरु, कोई डॉक्टर या सलाहकार नहीं हो सकता।
30 मिनट का विभाजन
अपने इस 30 मिनट के सत्र (सेशन) को तीन भागों में विभाजित कर लें:
10 मिनट मानसिक स्वास्थ्य के लिए: जिसे ‘10 मिनट्स फॉर हैप्पीनेस’ (10 Minutes for Happiness) नाम दिया गया है।
5 मिनट कार्यों के व्यवस्थापन के लिए: अर्थात् ‘5 मिनट्स फॉर अरेंजमेंट्स’ (5 Minutes for Arrangements)।
15 मिनट शारीरिक गतिविधियों के लिए: यानी ’15 मिनट्स फॉर फिटनेस’ (15 Minutes for Fitness)।
10 मिनट्स फॉर हैप्पीनेस (आत्म-विश्लेषण)
इसे भी आप 5-5 मिनट के दो भागों में बाँट सकते हैं। पहले पाँच मिनट में आप अपना विश्लेषण एक पर्यवेक्षक या दर्शक के दृष्टिकोण से कीजिए। अर्थात् आप अपने जीवन के अच्छे या बुरे पहलुओं और यादों को, उनका भाग बने बिना और उनसे प्रभावित हुए बिना, निष्पक्ष होकर देखिए; क्योंकि जो बीत चुका है उसे आप बदल नहीं सकते और जो आने वाला है उसे आप देख नहीं सकते। इस प्रक्रिया में आप निम्नलिखित पाँच प्रश्नों के उत्तर स्वयं को दीजिए (यदि इन उत्तरों को लिख लें, तो अधिक बेहतर परिणाम मिलेंगे):
प्राथमिक लक्ष्य: अभी आपके लिए सबसे बड़ा लक्ष्य क्या है? अर्थात् कौन-सा कार्य आपके लिए प्राथमिक है? (बच्चों की पढ़ाई या करियर, अपना करियर व्यवस्थित करना या अपना व्यवसाय बढ़ाना, परिवार के किसी सदस्य की बीमारी, कोई संपत्ति खरीदना आदि ऐसे कार्य हो सकते हैं।)
महत्त्वपूर्ण व्यक्ति: अभी आपके जीवन में सबसे महत्त्वपूर्ण व्यक्ति कौन-कौन हैं? (पति/पत्नी, माता-पिता, बच्चे, कार्यालय में आपके वरिष्ठ/बॉस आदि।)
प्रमुख समस्या: अभी आपके लिए सबसे बड़ी समस्या क्या है? (आर्थिक तंगी, पारिवारिक कलह, कार्यालय में सामंजस्य न बिठा पाना, आपका या आपके किसी प्रियजन का ख़राब स्वास्थ्य आदि।)
मुख्य शक्ति/सामर्थ्य: आपकी सबसे बड़ी शक्ति क्या है? (आपके पास धन और संपत्ति है; आपके पास कोई विशेष व्यावसायिक शिक्षा या अनुभव है; आप कड़ी मेहनत कर सकते हैं; आपके परिवार के सदस्य या मित्र आपकी चिंता करते हैं; आपकी जान-पहचान बहुत से लोगों से है आदि।)
आत्म-अवलोकन: कल पूरे दिन आपने क्या-क्या किया और क्या-क्या सोचा? (आपके मस्तिष्क में जो भी अच्छे या बुरे विचार आते हैं, उनके प्रति सजगता भी आवश्यक है। इसलिए इस पर अवश्य विचार करें कि आपके मन में किस प्रकार के विचार आते हैं।)
****
