दिसंबर, 2025

अनुवाद अधिकारी
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय
राजभाषा प्रभाग, नई दिल्ली
आज विश्वभर में वृद्ध अवस्था में अकेलापन सामाजिक, मानसिक, आर्थिक तथा नैतिक दृष्टि से एक सर्वव्याप्त समस्या बन चुका है। जीवन का अंतिम चरण जिसे वृद्धावस्था कहा जाता है, प्रेम, सम्मान, अनुभव और संस्मरणों का समय भी होता है, परंतु आधुनिक जीवनशैली में वृद्धों के प्रति उपेक्षा तथा अकेलेपन की समस्या एक गंभीर विषय के रूप में उभर कर सामने आयी है। अकेलापन, केवल शारीरिक अलगाव नहीं है, बल्कि यह मानसिक और भावनात्मक दूरी का भी द्योतक है। वृद्धा अवस्था में अकेलापन के कारणों में परिवार का विघटन, सामाजिक संबंधों में टूट, आर्थिक असुरक्षा, स्वास्थ्य समस्याएं और सामाजिक समर्थन का अभाव आदि शामिल हैं। अकेलापन अनेक अन्य मानसिक समस्याओं जैसे अवसाद, चिंता, आत्मसम्मान आदि में गिरावट तथा शारीरिक स्वास्थ्य में भी गिरावट का कारण बनता है। ऐसे समय में समाज, परिवार और सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं का दायित्व है कि वे वृद्धों के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और सहयोगी वातावरण प्रदान करना सुनिश्चित करें।
भारत जैसे सामाजिक रूप से जुड़े हुए समाज में भी बदलती जीवनशैली के कारण वृद्धों के लिए परिवार का समर्थन कम होता दिखाई पड़ रहा है। मूल्यों में नैतिकता का अभाव दृश्यमान है तथा संयुक्त परिवारों का विघटन, युवाओं का व्यस्त जीवन और आर्थिक दबाव वृद्धों को सामाजिक अलगाव की ओर धकेल रहा है। अकेलापन, वृद्धों को आत्मग्लानि तथा असहायता की भावना प्रदान करता है जो उनकी जीवन गुणवत्ता को भी प्रभावित करता है। इसके निदान हेतु सामाजिक गतिविधियों सूक्ष्मता से सृजन, वृद्धावस्था केंद्रों का विकास, मानसिक स्वास्थ्य सहायता तथा समुदाय आधारित सहायक नेटवर्क की आवश्यकता होती है। अकेलेपन की समस्या का सामाजिक, नैतिक तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य के रूप में निदान करना अति आवश्यक हो गया है।
इस समस्या का मुकाबला केवल व्यक्तिगत अथवा पारिवारिक उपायों से संभव नहीं है, बल्कि राष्ट्रव्यापी नीति निर्धारण और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही संभव है। इस संदर्भ में समस्या के उन्मूलन हेतु सरकार के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर भी वृद्ध कल्याण योजनाओं का विस्तार होना चाहिए, समुदाय आधारित कार्यक्रमों का संचालित होना चाहिए तथा नागरिकों को वृद्धों के प्रति संवेदनशील बनना चाहिए। गैर-सरकारी संस्थाएँ भी वृद्धों के मानसिक एवं सामाजिक कल्याण के लिए समर्थन प्रदान कर सकती हैं। वृद्ध अवस्था में अकेलापन केवल वृद्धों की समस्या नहीं, बल्कि यह पूरे समाज की प्रतिबद्धता का दर्पण है क्योंकि वृद्ध होना अथवा वृद्ध अवस्था होना किसी एक मनुष्य का पहलू नहीं है बल्कि समस्त मनुष्य जाति की एक निर्धारित आने वाली अवस्था है, जो अटल है और आवश्यक रूप से प्रत्येक के जीवन में आएगी।
यहां वृद्धों की अकेलापन की समस्या, उसके कारण, प्रभाव और संभावित निदानों का समावेश है जो आलेख के मुख्य भाग में विस्तारपूर्वक वर्णित किए गए हैं। हर व्यक्ति को यह समझना आवश्यक है कि जिनके जीवन के अनुभवों ने हमें मार्गदर्शन दिया, वे आज समर्थन के हकदार हैं। वृद्ध होने पर अकेलापन केवल किसी अकेले व्यक्ति का अनुभव नहीं है, यह समाज की संवेदनशीलता और मानवता का आईना भी है।
इस आलेख का मुख्य उद्देश्य वृद्ध अवस्था में अकेलापन के कारणों, प्रभावों और समग्र समाधान को सामाजिक, सांस्कृतिक, मानसिक तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य की दृष्टि से समझना है। विशेष रूप से यह अध्ययन भारतीय तथ्यों एवं उदाहरणों पर आधारित है ताकि स्थानीय सामाजिक संरचना, परिवार व्यवस्था और सांस्कृतिक मूल्यों के संदर्भ में वृद्धों के अकेलेपन की समस्या का विश्लेषण किया जा सके।
आधुनिक भारत में पारंपरिक संयुक्त परिवार की जगह अब एकल एवं नाभिकीय परिवार ले रहे हैं। उदाहरण के लिए, बड़े शहरों में युवा रोजगार के लिए देश या राज्य से बाहर जाते हैं, जिससे वृद्ध माता-पिता घर पर अकेले रह जाते हैं। इसी प्रकार छोटे कस्बों में वृद्धों को सामाजिक कार्यक्रमों से अलगाव का सामना करना पड़ता है। बिहार के ग्रामीण जिलों में देखा गया है कि वृद्धाश्रमों की कम उपलब्धता के कारण अकेले वृद्धों का जीवन अत्यधिक दुष्कर हो जाता है, जबकि महाराष्ट्र के पुणे एवं मुंबई जैसे महानगरों में वृद्ध समर्थन समूह और क्लब सक्रिय हैं। यह भिन्नता सामाजिक संरचना के परिवर्तन को दर्शाती है जिस पर नीतिगत हस्तक्षेप की तात्कालिक आवश्यकता है।
इससे यह साबित होता है कि वृद्ध अवस्था का विश्लेषण समाज, परिवार, सरकारी योजनाओं और गैर-सरकारी संस्थाओं के माध्यम से भले ही किया जाए पर वृद्ध अवस्था में अकेलापन एक सामाजिक समस्या है, मानसिक स्वास्थ्य का विषय है और मानवाधिकार का मुद्दा भी है और इसे प्रत्येक नागरिक को गंभीरता से समझना चाहिए। भारत समेत विश्व के अधिकांश समाजों में वृद्धावस्था के दौरान अकेलापन एक गंभीर सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। अकेलापन भौतिक अलगाव से कहीं आगे बढ़कर भावनात्मक और सामाजिक दूरी का अनुभव है, जो वृद्धों की जीवन गुणवत्ता, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मसम्मान तथा उनकी सामाजिक सहभागिता पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। भारत में वरिष्ठ नागरिकों की आबादी तेजी से बढ़ रही है; उदाहरण के लिये देश में 60 वर्ष से अधिक आयु के लगभग 104 मिलियन से अधिक व्यक्ति हैं (विश्व स्वास्थ्य संगठन)।
मानव जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण चरण वृद्धावस्था है, जो जीवन के अंतिम चरण के रूप में प्रत्येक मनुष्य के जीवन में आवश्यक रूप से आता है। इस अवस्था में व्यक्ति के अनुभव, ज्ञान और जीवन की समृद्धि उसकी पहचान होती है। परंतु आधुनिक सामाजिक परिवर्तन, पारिवारिक मूल्यों का क्षरण, और जीवनशैली के बदलाव ने वृद्धों के जीवन को अनेक दुश्वारियों से सामना कराया है। वृद्ध अवस्था के अकेलापन का अर्थ केवल शारीरिक अलगाव नहीं है, बल्कि वह मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक दूरी का प्रतीक है। जब व्यक्ति अपने जीवन के अधिकांश कर्तव्यों को पूरा करके अपने अस्तित्व की समीक्षा करता है, वह एक स्वाभाविक स्थिति में स्नेह, सम्मान और सहभागिता की तलाश करता है। परंतु, आज की बदलती जीवनशैली ने परिवार के सदस्यों को व्यस्त बना दिया है— युवाओं का करियर, आर्थिक चुनौतियाँ और सामाजिक दबाव वृद्धों के प्रति संवेदनशीलता में कमी ला रहे हैं।
भारत जैसे परंपरागत रूप से संयुक्त परिवार-आधारित समाज में वृद्धों को पहले सम्मान और संरक्षण मिलता था, परन्तु वर्तमान समाज में युवा वर्ग रोजगार की खोज एवं अध्ययन के कारण शहरों की ओर पलायन कर रहा है। आईटी हब्स, शिक्षा संस्थानों के केन्द्रों पर युवा अपने भविष्य के लिए निरंतर जुटे हुए हैं, परिमाणस्वरूप, वृद्ध माता-पिता गांव अथवा छोटे शहरों में अकेले ही रह रहे हैं। अकेलापन वृद्धों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है— वे अवसाद, चिंता, आत्मसम्मान में गिरावट, और एकाकीपन जैसी भावनाओं से ग्रस्त हो रहे हैं।
आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की प्रगति के कारण जीवन अवधि बढ़ चुकी है, परंतु जीवन की गुणवत्ता वृद्धावस्था में अकेलापन के कारण प्रभावित हो रही है। एक अकेला वृद्ध व्यक्ति केवल शारीरिक नहीं, बल्कि भावनात्मक समर्थन का भी अभाव महसूस करता है। सामाजिक संबंधों की कमी सामाजिक अलगाव का कारण बनती है। अकेलापन वृद्ध में आत्मसमर्पण को बढ़ावा देता है जो मानसिक विकार का आरंभिक लक्षण है। इस संदर्भ में केवल परिवार की भूमिका ही नहीं, बल्कि समुदाय, सामाजिक संगठन एवं नीति-निर्माता मंचों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
भारत में पेंशन, स्वास्थ्य बीमा, वृद्ध आश्रम सहायता आदि जैसे वृद्धों के लिए अनेक सरकारी योजनाएँ और कल्याण कार्यक्रम भी हैं, किन्तु इन योजनाओं का क्रियान्वयन अक्सर कमजोर रहा है। उदाहरण के तौर पर, राष्ट्रीय वृद्ध नीति के प्रावधानों के बावजूद, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर वृद्धों के लिए मानसिक स्वास्थ्य सहायता की कमी देखी गई है। वहीं गैर-सरकारी संस्थाएँ जैसे हेल्प ऐज इंडिया, वृद्ध समर्थन समूह, सामुदायिक कार्यक्रमों और स्वास्थ्य शिविरों का संचालन कर रही हैं। इससे वृद्धों को सामाजिक सहभागिता, स्वास्थ्य जांच और मनोवैज्ञानिक सहायता प्राप्त होती है तथा अकेलापन कम होता है।
आधुनिक विज्ञान यह सिद्ध करता है कि मानव का स्वास्थ्य केवल शरीर तक सीमित नहीं होता है, बल्कि भावनात्मक व सामाजिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है। वृद्धावस्था में अकेलापन एक सामाजिक बीमारी बन चुका है जिस पर समाज की सजगता तथा जागरूकता अति आवश्यक है। अकेलापन वृद्धों की जीवन गुणवत्ता को प्रभावित करके समाज की सामूहिक चेतना पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। सामाजिक सहायता व्यवस्था, पारिवारिक सहयोग, तथा वृद्धों की गरिमा के प्रति सम्मान प्रदान करके ही इस समस्या का समाधान संभव है। अकेलापन केवल एक व्यक्ति का अनुभव नहीं है, बल्कि यह समाज के संवेदनशील पक्ष की परीक्षा है। कई सर्वेक्षण बताते हैं कि वृद्धों में अकेलेपन की समस्याएँ कितनी व्यापक हैं। उदाहरण के रूप में ऐज वेल फाउंडेशन के एक सर्वे के अनुसार भारत में लगभग 47.49% वृद्ध लोग अकेलापन अनुभव करते हैं, विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में यह संख्या अधिक होती है। कुछ अध्ययन बताते हैं कि लगभग 13.4% वृद्ध नियमित रूप से अकेलापन महसूस करते हैं। अकेलेपन के कारणों में पारिवारिक समर्थन की कमी, जीवनसाथी का निधन, स्वास्थ्य समस्याएँ, और सामाजिक गतिविधियों की कमी शामिल हैं।
भारतीय समाज प्राचीन काल से परिवार-आधारित संरचना के रूप में विकसित हुआ है। संयुक्त परिवार व्यवस्था में वृद्धों को सम्मान, संरक्षण और सामूहिक निर्णय में सहभागिता मिलती थी। बड़ों का आशीर्वाद, घर में अनुभवी मार्गदर्शक तथा सामाजिक समरसता वृद्धों को जीवन के अंतिम चरण में भी आत्मसम्मान प्रदान करती थी। परंपरागत भारत में वृद्धों को गोत्रगत सत्ता, शिक्षा-संस्कार, धार्मिक अनुभव, तथा अनुभव आधारित मार्गदर्शन प्रदान किया गया है। ग्रामीण भारत में आज भी युवा अपने माता-पिता की सेवा को पुण्य कर्म ही मानते हैं। इसके विपरीत, पश्चिमी समाज में अक्सर परिवार की छोटी इकाइयाँ, एकल घर और व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर आधारित जीवनशैली है। पश्चिमी देशों जैसे की अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम और यूरोप में न्यून जनसंख्या वृद्धि दर, स्वतंत्रता की भावना तथा व्यक्तिगत लक्ष्य वृद्धों को अक्सर अकेलापन की स्थिति में छोड़ देते हैं। वहाँ वृद्धाश्रम, दीर्घकालिक देखभाल सुविधाएँ तथा सरकारी समर्थन प्रणाली अधिक विकसित हैं, किन्तु सामाजिक सहभागिता की कमी तथा भावनात्मक दूरी अधिक देखी गई है।
भारतीय समाज में परिवार और समुदाय आधारित समर्थन वृद्धों के लिए हमेशा से एक प्रमुख स्रोत रहे हैं। धार्मिक उत्सव, सामाजिक कार्यक्र और रिश्तेदारी आधारित नेटवर्क वृद्धों को सामाजिक सहभागिता प्रदान करते हैं। उदाहरण के लिए, राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में वृद्ध अपने गाँव के उत्सवों में भाग लेते हैं जहाँ पूरे समाज की उपस्थिति होती है। वहीं पश्चिमी देशों में, वृद्धों को सामाजिक कार्यक्रम जैसे सामाजिक क्लब, सेनियर सेंटर्स और स्वास्थ्य क्लब आदि उपलब्ध हैं। इन कार्यक्रमों में वृद्ध सक्रिय रहते हैं और समान उम्र के साथियों से बातचीत करते हैं। परंतु इन कार्यक्रमों में सामाजिक दूरी और सांस्कृतिक अलगाव अधिक होता है क्योंकि परिवार का समर्थन अल्प होता है और पारिवारिक जनों का उम्रदराज लोगों से संपर्क का नेटवर्क कमज़ोर होता है।
भारतीय समाज में अकेलापन अधिकतर ग्रामीण अकेलापन नहीं, बल्कि भावनात्मक दूरी तथा संचारी समर्थन की कमी से उत्पन्न होने वाला अकेलापन है। उदाहरण के लिए, छोटे शहरों के वृद्ध जहाँ युवा तथा किसी परिवार के सदस्य शहरों की ओर पलायन कर जाते हैं, वहाँ वृद्धों में अकेलेपन का भाव अत्यधिक बढ़ता हुआ देखा गया है। पश्चिमी समाज में अकेलापन व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक अलगाव के कारण अधिक व्यापकता से होता है। वहाँ वृद्धाश्रमों में रहने वाले वृद्ध अक्सर परिवार से दूरी, कम सामाजिक सहभागिता और आर्थिक निर्भरता का सामना करते हैं।
भारतीय संदर्भ में यदि इस अकेलेपन के समाधान के मुख्य आयाम देखें तो-परिवार नेटवर्क को पुनः सशक्त करना;सामाजिक समर्थन समूह बनाना; सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रदान करना; वृद्ध आश्रमों में सांस्कृतिक व कल्याण गतिविधियाँ आयोजित करना आदि श्रेयस्कर एवं सहायक साबित होंगे।वहीं दूसरी ओर, पश्चिम में-सामाजिक कार्यक्रमों का विस्तार करना; वृद्ध समर्थन सेवाओं हेतु सुदृढ़ नीति तैयार करना; तकनीकी माध्यम (वीडियो चैट, ऑनलाइन समूह) से भावनात्मक संपर्क स्थापित करना आदि अहम भूमिका निभाएंगे जिससे अकेलेपन की समस्या का सकारात्मक हल निकाला जा सके। इस अकेलापन का शारीरिक स्वास्थ्य पर भी प्रभाव पड़ता है; शोध बताते हैं कि सोशल नेटवर्क की कमी से धीमी मृत्यु का जोखिम बढ़ सकता है और मानसिक स्वास्थ्य समस्याएँ जैसे अवसाद व चिंता अधिक सामान्य हो जाती हैं। नतीजतन, अकेलापन केवल भावनात्मक अनुभव नहीं रह जाता, बल्कि सामूहिक स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। भारत सरकार और नीति‑निर्माताओं ने वृद्धों के लिए अनेक नीतियाँ लागू की हैं जैसे वरिष्ठ नागरिकों की राष्ट्रीय नीति (2011), “माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007” आदि ताकि वृद्धों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इसके अतिरिक्त, कई गैर‑सरकारी संगठन जैसे हेल्प ऐज इंडिया सक्रिय हैं जो मानसिक तथा सामाजिक समर्थन के कार्यक्रम आयोजित करते हैं।
अंतत: वृद्धा अवस्था में अकेलापन केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं है, बल्कि यह सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य क्षेत्रों का समग्र विषय है। अकेलापन वृद्धों के मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है जो जीवन की गुणवत्ता में गिरावट लाता है। मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो अकेलापन स्वयं को अवहेलित समझने, आत्मग्लानि तथा निराशा अनुभव करने जैसी स्थितियों को जन्म देता है। सामाजिक दृष्टि से यह समस्या उस सामाजिक नेटवर्क का विघटन दर्शाती है जो पहले परिवार और फिर समुदाय के साथ वृद्धों को जोड़ता है।
भारतीय संदर्भ में सामाजिक समर्थन, जो लंबे समय तक वृद्धों की पहचान और सम्मान का आधार रहा है, धीरे-धीरे बदल रही जीवनशैली के कारण कमजोर पड़ता जा रहा है। संयुक्त परिवारों का विघटन और युवा वर्ग का पलायन वृद्धों को अकेलेपन की ओर धकेल रहा है। इस परंपरागत समर्थन प्रणाली के टूटने से वृद्ध मानसिक रूप से सहायता और सम्मान की कमी महसूस करते हैं। इससे अवसाद और शारीरिक स्वास्थ्य में गिरावट जैसी समस्याएँ बढ़ रही हैं। उदाहरणतः महाराष्ट्र के पुणे तथा गुजरात के अहमदाबाद में पारिवारिक संरचनाओं में बदलाव के कारण वृद्ध आश्रमों का प्रयोग बढ़ा है। इसके विपरीत पश्चिमी समाज में जहां पारिवारिक समर्थन का स्तर कम है, वहाँ प्रशासनिक तथा सामाजिक कार्यक्रम वृद्धों को समर्थन प्रदान करते हैं। वृद्ध आश्रम, सामाजिक क्लबों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के कारण वृद्धों को सामाजिक गतिविधियों का हिस्सा बनने का अवसर मिलता है। तथापि, भावनात्मक दूरी और पारिवारिक सहारा न होने के कारण अकेलापन एक व्यापक समस्या के रूप में विद्यमान रहता है।
इस आलेख से स्पष्ट होता है कि अकेलापन के निदान में केवल स्वास्थ्य सेवाओं का उपलब्ध होना पर्याप्त नहीं है; भावनात्मक सहभागिता और परिवार समर्थन की आवश्यकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। भारत में सामाजिक और नैतिक दृष्टिकोण से वृद्धों की सेवा करना न केवल कर्तव्य है बल्कि मानवता की पहचान भी है। अकेलापन का सामना कर रहे वृद्धों को सम्मान, प्रेम और सहयोग प्रदान करना समाज की संवेदनशीलता को दर्शाता है। अकेलापन केवल भारत की समस्या नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन और अन्य अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के अनुसार वैश्विक स्तर पर भी वृद्धों में अकेलापन एक “नव स्वास्थ्य महामारी” जैसा विषय बन चुका है, जिसकी अधिकता आबादी के वृद्ध होने के साथ बढ़ रही है। विश्व में वृद्धों के अकेलेपन के कारण फ़ोन से संवाद का बढ़ना तथा पारिवारिक दूरी जैसे सामाजिक परिवर्तन भी जिम्मेदार पाए गए हैं।
वृद्धा अवस्था में अकेलापन आज एक सामाजिक चुनौती बन चुका है जिसे केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामूहिक रूप से देखना होगा। जीवन का अंतिम चरण प्रेम, सम्मान और सहभागिता का समय होना चाहिए परन्तु बदलती जीवनशैली, पारिवारिक समर्थन की कमी और सामाजिक अलगाव ने इसे कठिनाइयों से भर दिया है। अकेलापन न केवल मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि वृद्धों की जीवन गुणवत्ता को भी प्रभावित करता है। इस समस्या का समाधान पारिवारिक, सामाजिक, सरकारी तथा गैर-सरकारी स्तर पर साझा प्रयास द्वारा ही संभव है।
हमारे संस्कार, हमारे मूल्य और हमारी संस्कृति हमें सिखाती है कि वृद्धों का सम्मान और सेवा हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। वे अनुभव के भंडार हैं, जीवन के शिक्षक हैं और वे भविष्य के लिए मार्गदर्शक भी हैं। समाज को यह समझना होगा कि वृद्धों की सेवा केवल दया नहीं, बल्कि मानवता की परिभाषा है। उनके अकेलेपन को समाप्त करना हम सभी का दायित्व है। हमें अपने परिवार, समुदाय और राष्ट्र के लिए यह प्रण करना चाहिए कि वृद्धों को सम्मान, स्नेह और सामाजिक सहभागिता प्रदान करेंगे ताकि वे जीवन की अंतिम अवस्था में भी सम्मान, सुरक्षा और प्रेम का अनुभव कर सकें।
*****
