सोच की अद्भुत शक्ति

जून, 2023

सविता स्याल
गुरुग्राम, हरियाणा

मित्रों! आपकी सोच एवं आपके विचारों का जीवन में बहुत महत्त्व है। कहा जाता है कि नकारात्मक विचार न केवल आपका मनोबल घटाते है अपितु आपकी दुनिया को भी छोटा कर देते है।
इससे पहले मै अपनी बात को विस्तार दूँ, एक छोटी-सी कहानी आपसे साझा करना चाहती हूँ। एक बार समुद्र के किनारे एक छोटा-सा बच्चा लहरों के वेग से बाहर आई तड़पती हुई मछलियों को वापस पानी में फैंक रहा था। उधर से गुजरते हुए एक व्यक्ति ने उस बच्चे को हतोत्साहित करते हुए पूछा “क्या तुम इन सभी मछलियों को पानी में वापिस फैंक बचा सकते हो? उस बच्चे ने उत्तर दिया “सभी को तो नहीं, हाँ, जो मछली मेरे हाथ में है इसे अवश्य बचा पाऊंगा” यह कहकर उसने अपने हाथ में आई मछली को वापिस पानी में फैंक दिया। इसे कहते हैं सकारात्मक सोच।
मनुष्य अपने कार्यों से दूसरों को नुकसान पहुंचाता है और अपने विचारों से स्वयं को। गलत सोच एवं अनैतिक कार्यों में लिप्त लोगों को धनवान एवं प्रतिष्ठित होते देख आदमी उनसे ईष्या एवं उनके प्रति नकारात्मक चिंतन करने लग जाता है। यह नकारात्मक चिंतन उसे गलत सोच के दलदल में उतार देता है समाज में भ्रष्ट और बेईमान लोगों की उत्पत्ति इसी तरह के गलत विचारों के संक्रमण से हुई है। इस तरह का गलत सोच हमारी दुनिया को छोटा कर देता है। भीतर और बाहर दोनों की दुनिया निराशा से भर जाती है। अच्छी सोच से हमारी छोटी-सी सफलता का आकार बढ़ाने लगती है। हम खुशियों का आदान-प्रदान करते है। दूसरी ओर हम अपनी निराशाजनक सोच से थोड़े से दुख को पहाड़ बना देते है। कुल मिलाकर सोच ही गड़बड़ हो जाता है अपने ही बोले हुए को सुनते रहना ज्यादा सीखने नहीं देता और समस्या के समाधान की शक्ति को हर लेता है।
हमारा चिंतन गुणों की ओर केंद्रित रहना चाहिए। हमें इसमें शांति और प्रसन्नता का अनुभव होगा। निराशावादी मनुष्य अपने चारों ओर अभाव और दोषों का दर्शन करते हैं। जो अभाव को भाव तथा दुख को सुख में बदलने की कला जानता है उसी का जीना सार्थक है वही सफल इंसान है। वैसे भी भविष्य उनका होता है जो सपनों की सुंदरता पर भरोसा करते हैं, इसीलिए अपनी सोच सकारात्मक रखें और विचारों में सुन्दरता रखें। यही जीवन पथ पर आगे बढ़ने के लिए आपको संबल देगा।

यह भी पढ़ें  वृद्ध अवस्था में अकेलापन

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top