समय-प्रबंधन द्वारा समय की कमी का समाधान

आजकल एक सामान्य समस्या है—‘समय न होना’। कामकाजी महिलाओं को दोहरी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है। कुछ लोग अधिक आर्थिक लाभ के लिए एक साथ कई काम करते हैं या पार्ट-टाइम काम करते हैं। शहरों में लोगों को अपने कार्यस्थल से घर आने-जाने में ही कई-कई घंटे लग जाते हैं। विद्यार्थियों को भी अपनी कक्षाओं के साथ-साथ ट्यूशन, कोचिंग आदि में समय देना होता है। ऐसे में समय-प्रबंधन बहुत ही महत्वपूर्ण हो जाता है।

सही समय-प्रबंधन (Time Management) न हो पाने के लक्षण:

  • हमेशा अपने काम को करने की हड़बड़ी और उतावलापन।
  • बेचैनी और चिड़चिड़ापन।
  • बहुत सारे काम करने की इच्छा होना, लेकिन समय की कमी के कारण न कर पाने का मलाल/रोना।

लेकिन ये पाँच सूत्र अपनाकर एक संतुलित समय-प्रबंधन किया जा सकता है:

  1. करें (Do)
  2. हटाएँ (Delete)
  3. कुछ कार्यों को किसी अन्य को सुपुर्द करें (Delegate)
  4. स्वस्थ शरीर
  5. सकारात्मक सोच

1. करें (Do)

अपने सभी कार्य व्यवस्थित करें और कार्यों की प्राथमिकताओं के अनुसार समय का विभाजन करें। ध्यान रखें कि आपकी समय-सारणी (Time Table) अधिक कठिन या सख्त न हो; क्योंकि यदि आप अपने लक्ष्य को लगातार प्राप्त करने में असफल रहेंगे, तो आपका मनोबल गिरेगा। बार-बार की असफलता आपका उत्साह कम करेगी और धीरे-धीरे आप हार मानकर अपनी समय-सारणी का पालन करना बंद कर देंगे।

2. हटाएँ (Delete)

कुछ दिनों के बाद आपको अनुभव होगा कि आप अपनी समय-सारणी (Schedule) के पालन में असफल हो रहे हैं। अब आप उन कारणों की पहचान करें जिनके कारण आप अपने निर्धारित समय का पालन नहीं कर पा रहे हैं।

यह भी पढ़ें  विनायक से गणेश: शक्ति, विवेक और पारिवारिक पूरकता का सनातन संदेश

हो सकता है कि वह आपका कोई दोस्त या रिश्तेदार हो जिसे ज्यादा बातें करना पसंद हो; कोई पड़ोसी, अनावश्यक फोन कॉल या चैटिंग, इंटरनेट/सोशल मीडिया पर अनावश्यक समय बिताना, या फिर अत्यधिक आराम करना हो। एक बार जब आप अपने शेड्यूल में रुकावट डालने वाले तत्वों की पहचान कर लें, तो उन्हें दूर (हटाने) करने का प्रयास करें।

3. कुछ कार्य किसी अन्य व्यक्ति को सुपुर्द करें (Delegate)

कभी-कभी हम अधिक कार्य करने की महत्वाकांक्षा के कारण अपनी क्षमता से अधिक कार्यभार ले लेते हैं। उदाहरण के लिए—आप एक छात्र हैं और बहुत कम समय में अपना पाठ्यक्रम समाप्त करना चाहते हैं क्योंकि आपको कुछ अन्य कार्य करने हैं या आप अपना समय पहले ही व्यर्थ गँवा चुके हैं; या आप एक गृहिणी/कामकाजी महिला हैं और परिवार के प्रत्येक सदस्य का काम स्वयं करना चाहती हैं ताकि सब आपसे खुश रहें; या फिर आप अधिक धन कमाने के लिए एक साथ कई काम कर रहे हैं।

ऐसी स्थिति में अपनी प्राथमिकता तय करें और यदि संभव हो, तो कुछ काम दूसरों को सौंप दें।

इन तीन मौलिक सूत्रों के अलावा दो और आवश्यक सूत्र हैं, जिनका प्रयोग किए बिना आप अपने समय का सही उपयोग नहीं कर सकेंगे:

4. अपने स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति सजग रहें

यदि आप शारीरिक रूप से स्वस्थ नहीं हैं, तो आप आलस्य महसूस करेंगे और पूरे मन से काम करने के लिए आप में पर्याप्त ऊर्जा नहीं होगी।

5. नकारात्मक सोच और नकारात्मक व्यक्तियों से बचें

नकारात्मक विचार आपको नकारात्मक भाव और दृष्टिकोण देते हैं। यह मानसिक स्थिति आपके काम की गति को धीमा कर देती है।

यह भी पढ़ें  कैसे दिए जाएँ बच्चों में संस्कार?

समय कीमती है, इसलिए इसका बुद्धिमानी से उपयोग करें और अपने लिए भी कुछ समय बचाएँ; क्योंकि आप स्वयं भी बहुत कीमती हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top