स्टीफन किंग- (प्रेरक व्यक्तित्व)

मार्च, 2023
स्टीफन किंग। यह नाम हो सकता है बहुत-से लोगों ने न सुना हो, लेकिन अगर आप उनकी कोई पुस्तक पढ़ लेंगे, तो विश्वास कीजिए, यह नाम बिल्कुल नहीं भूलेंगे! इस नाम के दो रूप हैं, दो पहलू हैं:

पहला, स्टीफन किंग— एक ऐसा बच्चा जिसका बचपन गरीबी और दुर्भाग्य के अँधेरों में भटकते हुए शराब व ड्रग्स के दलदल में खत्म होने वाला था। दूसरा, स्टीफन किंग— अमेरिकी इतिहास के सबसे अधिक पढ़े जाने वाले और सम्मानित लेखकों में से एक, जिन्होंने साहित्य की कई विधाओं में एक नई परंपरा की शुरुआत की।
पहले स्टीफन किंग को दूसरे स्टीफन किंग में परिवर्तित किया उनकी ज़िद ने! लिखने का शौक उन्हें बचपन से था। धीरे-धीरे उन्होंने इसे पेशेवर रूप में अपना लिया। गरीबी और नशे के दलदल में भटकते हुए भी उन्होंने न तो पढ़ने की ज़िद छोड़ी और न ही लिखने का शौक। अंततः इसी जूनून ने उन्हें इस दलदल से बाहर निकाला।
शीघ्र ही वे एक प्रसिद्ध उपन्यासकार, कहानीकार, पटकथा लेखक, समीक्षक, अभिनेता, टेलीविज़न निर्माता और फ़िल्म निर्देशक के रूप में स्थापित हो गए। हॉरर, रहस्य, विज्ञान-गल्प (Science Fiction), फंतासी, ड्रामा और गॉथिक जैसी विधाओं में वे सिद्धहस्त बन गए। गरीबी और नशा पीछे छूट गए।


वे उन शुरुआती लेखकों में से थे जिन्होंने लेखकों के कॉपीराइट और रॉयल्टी के अधिकारों को मान्यता दिलाई। ‘अमरीकी राष्ट्रीय पुस्तक पुरस्कार’, ‘ब्रैम स्टोकर पुरस्कार’, ‘वर्ल्ड फैंटेसी अवॉर्ड’ जैसे अनेक प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें मिले। उनकी पुस्तकों की 35 करोड़ (350 मिलियन) से अधिक प्रतियाँ बिक चुकी हैं, तथा अनेक रचनाओं को फ़िल्मों, टेलीविज़न श्रृंखलाओं, मिनी-सीरीज़ और कॉमिक पुस्तकों के रूप में रूपांतरित किया जा चुका है।
किंग ने 64 उपन्यास प्रकाशित किए हैं। उन्होंने लगभग 200 लघु कथाएँ भी लिखी हैं, जिनमें से अधिकांश कथा-संग्रहों में प्रकाशित हुई हैं। द शाइनिंग (1977), कैरी (1974), ‘सलेम्स लॉट, मिज़री, पेट सेमेटरी, द स्टैंड, द गंसलिंगर, द ग्रीन माइल, अंडर द डोम इत्यादि उनकी प्रसिद्ध बेस्ट-सेलर पुस्तकें हैं।
स्टीफन किंग केवल एक प्रतिभावान लेखक के रूप में ही प्रेरणा के स्रोत नहीं हैं, अपितु उनके जीवन से हम यह भी सीख सकते हैं कि परिस्थितियाँ कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, यदि कुछ रचनात्मक करने का जुनून हो, तो प्रतिकूल अनुभव भी अनुकूल परिणाम दे सकते हैं। गरीबी, नशा और अपराध के उसी दलदल से उन्हें अपनी कई बेस्ट-सेलर पुस्तकों के लिए प्लॉट (कथानक) मिले थे!

यह भी पढ़ें  हलवा पूड़ी

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top