बबीता झा
दिसंबर, 2025
भगवान बुद्ध जब अपने शिष्यों को धर्म-प्रचार हेतु विभिन्न दिशाओं में भेज रहे थे, तब जाने वाले शिष्यों को उन्होंने जो निर्देश दिए थे, उनमें से एक प्रमुख निर्देश यह था—”कोई दो शिष्य एक साथ एक ही दिशा में मत जाओ।”
क्यों कहा था उन्होंने ऐसा? क्या वे अपने शिष्यों को कमजोर या अकेला करना चाहते थे? कदापि नहीं। उनका तर्क था कि यदि उनके शिष्य अलग-अलग दिशाओं में जाएँगे, तो वे अधिक से अधिक स्थानों तक पहुँच सकेंगे। इससे उनके द्वारा फैलाया जाने वाला सन्मार्ग और कल्याणकारी विचार अधिक से अधिक लोगों तक पहुँच सकेगा।
इसी प्रकार दूसरा उदाहरण महर्षि दत्तात्रेय का है। उन्होंने अपने जीवन में 24 गुरु बनाए थे, जिनमें से एक कुमारी कन्या भी थी। वह कन्या अतिथियों के भोजन के लिए धान कूटकर चावल निकाल रही थी। किंतु ऐसा करते समय उसकी कलाइयों में पहनी चूड़ियाँ परस्पर टकराकर आवाज़ कर रही थीं। उसने एक-एक कर अपनी चूड़ियाँ उतारना प्रारंभ किया। जब उसकी कलाई में मात्र 1 ही चूड़ी शेष रह गई, तो आवाज़ आना स्वतः बंद हो गया।
दत्तात्रेय (जो उस समय साधना की उत्तम पद्धतियों पर विचार कर रहे थे) ने जब यह देखा, तो उन्होंने निष्कर्ष निकाला—कलाइयों में चूड़ियाँ भी यदि एक से अधिक हों तो टकराकर शब्द करती हैं; यदि मैं लोगों के समूह के बीच रहकर साधना करूँगा, तो कदाचित सांसारिक बातों में उलझ जाऊँगा। अतः मुझे एकांत में रहकर ही साधना करनी चाहिए।
ये दोनों ऐतिहासिक उदाहरण यह सिद्ध करते हैं कि अकेलापन सदैव कमजोरी का प्रतीक या नकारात्मक स्थिति नहीं होता। यह पूर्णतः इस बात पर निर्भर करता है कि हमारी शारीरिक व मानसिक स्थिति कैसी है, हम स्वयं से तथा आसपास के लोगों से क्या अपेक्षा रखते हैं और हमारा जीवन-उद्देश्य क्या है।
पारस्परिक आवश्यकता: उदाहरण के लिए, किसी स्थान पर यदि हमें पंक्ति (क्यू) में लगना हो, तो वहाँ अकेलापन ही सुहाता है। किंतु किसी निर्जन या सुनसान स्थान पर किसी अन्य मनुष्य की उपस्थिति मात्र से हमें सुरक्षा का अनुभव होता है। कभी हम जनसमूह के लिए तरसते हैं, तो कभी एकांत के लिए।
भौतिक बनाम मानसिक अकेलापन: अकेलेपन का केवल भौतिक स्वरूप ही नहीं, बल्कि एक गहरा मानसिक स्वरूप भी होता है। यदि हम शारीरिक रूप से अकेले हैं और कोई दूसरा व्यक्ति आसपास नहीं है, तो यह स्थिति खुली आँखों से स्पष्ट दिखाई देती है। किंतु उस स्थिति के विषय में क्या कहा जाए जब हम सैकड़ों लोगों की भीड़ से घिरे हों, फिर भी मन में यह भाव रहे कि हमें समझने वाला या हमारा साथ देने वाला कोई नहीं है? कई बार शरीर से लोगों के मध्य रहकर भी हम मन से उनके साथ नहीं होते। यह भावनात्मक या मानसिक अकेलापन भले बाहर से दिखाई न दे, किंतु मनुष्य को भीतर से खोखला कर देता है।
एक सामान्य जीवन जीने वाले व्यक्ति के लिए अकेलेपन की परिभाषा क्या है? कदाचित् यही अभिलाषा कि उसके परिवार के सदस्य और मित्र शारीरिक रूप से उसके निकट रहें; और जब वे पास न भी हों, तब भी यह विश्वास बना रहे कि आवश्यकता पड़ने पर वे सदैव साथ खड़े हैं तथा वे उसकी भावनाओं का आदर करते हैं।
किंतु व्यावहारिक जीवन में सदैव ऐसा संभव नहीं हो पाता—विशेषकर वृद्धावस्था में। जीवन के इस पड़ाव पर मित्र और सहकर्मी कम होने लगते हैं, संतान अपनी-अपनी दिनचर्या और दायित्वों में व्यस्त हो जाती है, और जीवनसाथी का साथ भी न जाने कब छूट जाए।
इस व्यावहारिक समस्या का समाधान खोजने के लिए निम्नलिखित 5 जीवन-सूत्र अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं:
अकेलेपन को ‘एकांत’ में रूपांतरित करें: अकेलेपन को मजबूरी न मानकर उसे आत्मचिंतन और ‘एकांत’ का रूप दें। इस समय का सदुपयोग अपनी सकारात्मक ऊर्जा को विस्तारित करने में करें तथा अपनी रुचि का कोई रचनात्मक शौक (हॉबी) अवश्य अपनाएँ।
दूसरों का अकेलापन बाँटें: जब आप दूसरों के अकेलेपन को दूर करने का प्रयास करेंगे, तो आपका अपना अकेलापन भी स्वतः मिट जाएगा। किंतु यह ध्यान रखें कि किसी का अकेलापन बाँटने का प्रयास कहीं उसके निजी एकांत में विघ्न न बन जाए।
सकारात्मक संबंधों का विस्तार करें: अपने परिवार और मित्रों का दायरा मानसिक तथा व्यावहारिक दोनों रूपों में बढ़ाएँ। पड़ोसी हों, दूर के संबंधी हों या मार्ग में मिलता कोई अपरिचित व्यक्ति—यदि संभव हो तो आवश्यकता पड़ने पर उसकी सहायता करें। मुस्कुराकर संयम से बात करें और अपना व्यवहार ऐसा बनाए रखें कि आपसे मिलकर जाने वाला व्यक्ति सकारात्मकता का अनुभव करे।
शारीरिक स्वावलंबन बनाए रखें: दूसरों पर शारीरिक निर्भरता न्यूनतम हो, इसके लिए स्वयं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ तथा सक्रिय रखने का निरंतर प्रयास करें।
सतत सीखने की प्रवृत्ति (सतत शिक्षार्थी बनें): जीवन में सदैव कुछ-न-कुछ नया सीखते रहें। सीखना वह अद्भुत जादू है जो मनुष्य को कभी अकेला और असहाय नहीं होने देता—फिर चाहे हमारी आयु कितनी भी हो अथवा शरीर कितना ही शिथिल क्यों न हो चुका हो।

