साँझ हुई तो क्यों घबराएं

मार्च, 2024

डॉ. वर्षा महेश, बॉम्बे, पवई

भोर भई तो सब मुस्काएं
साँझ हुई तो क्यों घबराएं

जो कुछ पाया कर दे अर्पण
राम नाम ही सच्चा समर्पण
दीन दुखी की सेवा कर ले
जीते जी हो जायेगा तर्पण
जिस द्वारे पर तमस घना हो
उस पर दीप जलाएं
भोर भई तो सब मुस्काएं
सांझ हुई तो क्यों घबराएं

पलक खड़े हैं सपन अधूरे
कैसे होंगे ये सब पूरे
इस खेले का एक मदारी
हम सब उसके हैं जमूरे
नव ऊर्जा से मन को भर ले
आगे कदम बढ़ाएं
भोर भई तो सब मुस्काएं
सांझ हुई तो क्यों घबराएं

सब जाना पर कुछ न जाना
अब तक खुद को न पहचाना
झूठे महल, अटारी, बंगले
छोड़ के एक दिन सब है जाना
आओ जी लें हर एक पल हम
पंक्षी जैसे नाचें- गाएं
भोर भई तो सब मुस्काएं
साँझ हुई तो क्यों घबराएं
****

यह भी पढ़ें  एहसास

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top