जून, 2026

महू, मध्य प्रदेश
हमारा घर
ध्यान रहे मित्रों
मकान नहीं घर
क्योंकि
मकान बनता है ईंट रेत सीमेंट से
और
घर बनता है
घर में रहने वालों से…..
तो
हमारा घर
घर के आँगन में
एक आम का पेड़
जिसे लगाया था हमारे बेटे
अनुपल ने
आज से सात साल पहले
और
तभी से हम सभी इंतजार
कर रहे थे
फल आने का …. …
इस वर्ष फल आए भी
बहुत आए
फल आए तो
कोयल भी आई
खूब चिल्लाई
कुहू कुहू कुहू कुहू… …
किसी को आम लगने की खुशी
किसी को कोयल के आने की
मुझे तो खुशी इस बात की है कि
एक पुरानी कहावत आज
गलत साबित हुई
कि
पेड़ आप लगाते हैं
और फल आपके बच्चे खाते हैं
यहाँ तो बेटे ने लगाया
और हम खा रहे हैं….
*****
