कहती है मैं कृति तुम्हारी

सितंबर, 2024

कहती है मैं कृति तुम्हारी

रामस्वरूप मूंदड़ा
रजत कॉलोनी, बूँदी, राज.


जब से रस भीगी संध्या को मैंने मन से प्यार किया है;
तब से मुझको यह लगता है, जीने का अधिकार लिया है!

अब संबंध कहाँ है मेरा, ऑसू के गलियारों से;
अब धारा में बहता हूँ मैं मिलकर रोज किनारों से।
अब सूने कानन में कोई, बजती रहती बांसुरिया;
पांव नहीं रुक पाते मेरे, उमर हो गई बावरिया!

रोज सुबह बांहों में भरकर, मिलता हूँ मीठे झरनें से;
तपन भरी दुपहरी में भी, हिमखंडी संसार जीया है!

अब तो हर क्षण जीने लायक, सांसे चलती छंद मिली;
अब क्रिड़ाओं में मीठापन, दे जाती है गंध कली!
लगती दूब भरी हरियाली, पांवों का पूजन करती;
पथ में है शबनमी बिछौना, हवा मिली गुंजन भरती।

ऑखों की यह बहक बनाती, एक रुप के चित्र अनेक;
कहती है मैं कृति तुम्हारी, तुमने ही आकार दिया है!
*****

यह भी पढ़ें  इस दर्द को ही हमदर्द बनाने है

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top